भारत-पाक मैच ने बढ़ाई महंगाई, कोलंबो जाने की फ्लाइट और होटल के दाम आसमान पर
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले हाई-वोल्टेज क्रिकेट मुकाबले का असर अब ट्रैवल इंडस्ट्री पर साफ दिखाई देने लगा है। मैच की घोषणा के बाद श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स और वहां ठहरने के होटल की कीमतों में जबरदस्त उछाल आ गया है। दिल्ली और मुंबई से यात्रा करने वाले क्रिकेट फैंस को सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है।ट्रैवल बुकिंग प्लेटफॉर्म पर 14 और 15 फरवरी की तारीखों के लिए हवाई टिकटों के दाम तेजी से बढ़े हुए दिख रहे हैं। जहां आम तौर पर कोलंबो के लिए सीधी उड़ान का किराया करीब 25 से 30 हजार रुपये के आसपास होता है, वहीं अब यही कीमत बढ़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये तक पहुंचती नजर आ रही है। यानी मैच का रोमांच देखने के लिए जेब पर भारी बोझ पड़ना तय है।
सिर्फ फ्लाइट ही नहीं, होटल रूम के रेट भी रॉकेट की रफ्तार से बढ़े हैं। शहर के बड़े और लोकप्रिय होटलों में एक रात ठहरने के लिए एक लाख रुपये से ज्यादा तक खर्च करना पड़ सकता है। भारी मांग और सीमित उपलब्धता के कारण कीमतों में यह उछाल बताया जा रहा है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए भारत-पाक मुकाबला हमेशा खास होता है, लेकिन इस बार स्टेडियम तक पहुंचने का खर्च कई लोगों के बजट से बाहर जा सकता है।


Social Plugin