ईरान के साथ ओमान में वार्ता के कुछ घंटे बाद ट्रंप ने किया अहम फ़ैसला
ओमान की राजधानी मस्कट में अमेरिका और ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत समाप्त होने के कुछ ही घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश (Executive Order) पर हस्ताक्षर किया है।
इस आदेश के तहत जिन देशों ने ईरान के साथ व्यापार जारी रखा है, उन पर अतिरिक्त टैरिफ़ लगाया जा सकता है। हालांकि आदेश में टैरिफ़ की निश्चित दर नहीं बताई गई है, लेकिन उदाहरण के तौर पर 25% टैरिफ़ का ज़िक्र किया गया है।
आदेश के अनुसार, जो भी देश सीधे या परोक्ष रूप से ईरान से सामान या सेवाएं ख़रीदते हैं, उनके अमेरिकी निर्यात पर यह टैरिफ़ लागू होगा।
इस मामले पर ट्रंप ने सीधे कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन शुक्रवार रात एयर फ़ोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए दोहराया कि "ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता।"
यह वार्ता उस समय हुई जब दोनों देशों के बीच महीनों से कूटनीतिक तनाव और चेतावनियों का माहौल था। साल की शुरुआत में ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पहले ही घोषणा की थी कि ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25% टैरिफ़ लगाया जा सकता है।

Social Plugin